राज्यउत्तर प्रदेश

Fake Hallmark Jewellery Fraud: फर्जी हॉलमार्क ज्वैलरी से ठगी करने वाला बंटी-बबली गिरोह गिरफ्तार

Fake Hallmark Jewellery Fraud: फर्जी हॉलमार्क ज्वैलरी से ठगी करने वाला बंटी-बबली गिरोह गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी के जरिए सराफा कारोबारियों से धोखाधड़ी करने वाले शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली हॉलमार्क गुदे हुए पीली धातु के चार बेंगल, 1 लाख 32 हजार 230 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की टाटा सेरा कार बरामद की है। बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी हरिद्वार में ठगी की वारदात को अंजाम देने के बाद वापस ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। डेल्टा-3 निवासी संजय वर्मा की जगत फार्म मार्केट में राधा गोविंद ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सात अक्तूबर 2025 को गुरमीत नामक व्यक्ति ने उनकी दुकान से करीब चार लाख रुपये कीमत के दो सोने के कंगन खरीदे थे। इसके बाद 12 अक्तूबर 2025 को वही व्यक्ति सोनिया नाम की महिला के साथ दुकान पर पहुंचा और खरीदे गए कंगनों को बड़ा बताते हुए छोटे साइज के कंगन बदलने की मांग की। दुकान पर अधिक भीड़ होने के कारण सराफा कारोबारी ने बड़े कंगन वापस लेकर छोटे साइज के कंगन और नौ सिक्के दे दिए। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।

बाद में जब ज्वैलरी की जांच की गई तो कंगन नकली निकले। आरोपियों ने फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी देकर असली सोने के आभूषण हासिल कर लिए थे। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

एसीपी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को गामा-2 ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से आरोपी दीपक चौहान निवासी बी-81, पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सेक्टर जीटा-1 और आरोपी सानिया उर्फ सोनिया निवासी बुलंदशहर, वर्तमान पता डिजाइन आर्च सोसाइटी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह हरिद्वार के अलावा दिल्ली में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। बरामद कार महिला के नाम पर पंजीकृत है। महिला अपने छोटे बच्चे के साथ किराये के फ्लैट में रहती है और उसके पति की पहले ही मौत हो चुकी है। महिला पहले आरोपी के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर चुकी थी, जिसके चलते दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी में किराये के मकान में रहती है, जबकि आरोपी पिछले छह माह से महिला के साथ उसी सोसाइटी में सहमति संबंध में रह रहा था। गिरोह पिछले छह महीनों से सक्रिय था और आरोपी जब भी ज्वैलरी की दुकानों पर जाता था, महिला को अपनी पत्नी बताकर भरोसा जीतता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित ठगी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button