Noida Animal Theft: पशु चोर गिरोह गिरफ्तार, दो बैल और पिकअप बरामद

Noida Animal Theft: पशु चोर गिरोह गिरफ्तार, दो बैल और पिकअप बरामद

नोएडा। रबूपुरा थाना पुलिस ने रात के अंधेरे में आवारा पशुओं की चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो बैल और वारदात में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भाग्य नारायण निवासी बहराटपुर गांव, जिला बेतिया बिहार, सज्जन कुमार निवासी चौबी गढ़ी, बिल्हौर कानपुर और अशरफ निवासी धनपुरा, रबूपुरा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह सुनियोजित तरीके से पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। दिन के समय तीनों आरोपी जंगलों और गांव के आसपास घूमने वाले आवारा पशुओं की रेकी करते थे। रात के अंधेरे में पशुओं को घेरकर उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाते और पहले से बुलाई गई पिकअप गाड़ी में लादकर फरार हो जाते थे। ग्रामीणों को लंबे समय से पशु चोरी की घटनाओं से परेशानी हो रही थी।

फलेदा गांव निवासी सुखबीर सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने रबूपुरा थाना पुलिस में पशु चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में घेराबंदी की और करौली पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पशु चोरी की कई घटनाओं को कबूल किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाली पिकअप गाड़ी के साथ दो मोबाइल फोन, एक तमंचा और चोरी किए गए दो बैल भी बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img