Rohini Fire: दिल्ली के रोहिणी में झुग्गियों में भीषण आग, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली के रोहिणी इलाके में देर रात करीब आधा दर्जन झुग्गियों में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल फैल गया। जानकारी के अनुसार, आग देर रात उस समय लगी जब झुग्गियों में लोग सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें पति, पत्नी और उनकी 2 साल की मासूम बच्ची शामिल है। पूरी घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। बताया जा रहा है कि करीब 400 गज के प्लॉट में प्लास्टिक और कबाड़ का सामान रखा हुआ था, जहां कई झुग्गियां भी बनी हुई थीं। इसी वजह से आग तेजी से फैली और उसने विकराल रूप ले लिया। संकरी गलियों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस, कैट्स एम्बुलेंस और बिजली विभाग की टीम मौजूद रही और राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Seemapuri Murder: नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी आग में झुलसा, दोनों की मौत से दहली दिल्ली


