Salon Tender Dispute: केपटाउन सोसाइटी में सैलून की दुकान के टेंडर को लेकर विवाद, डीजीएम से मारपीट का आरोप
नोएडा के सेक्टर-74 स्थित केपटाउन सोसाइटी में सैलून की दुकान के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है। मेंटेनेंस एजेंसी में डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) के पद पर तैनात दानिश पी. चौधरी ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के दो सदस्यों और एक अन्य व्यक्ति पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में डीजीएम की शिकायत के आधार पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपों का सामना कर रहे एओए सदस्यों ने खुद पर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वे सोसाइटी में चल रही टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का विरोध करने के लिए वहां पहुंचे थे।
पुलिस को दी गई शिकायत में दानिश पी. चौधरी ने बताया कि 11 अक्टूबर को सोसाइटी के क्लब परिसर में सैलून की दुकान के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान सोसाइटी के एओए अध्यक्ष और सचिव भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी बीच एओए सदस्य नीरज शर्मा, राजीव रंजन और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। दानिश का आरोप है कि तीनों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत के मुताबिक, मौके पर मौजूद एओए अध्यक्ष और सचिव ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान संबंधित लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
दानिश पी. चौधरी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि एओए सदस्य नीरज शर्मा और राजीव रंजन उन पर वेंडरों से रुपये एकत्र करके उन्हें देने का दबाव बनाते हैं। उनका कहना है कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। दूसरी ओर, नीरज शर्मा और राजीव रंजन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि सोसाइटी में एओए के चुनाव नजदीक हैं और इसी वजह से दूसरे पक्ष के कहने पर उन पर रुपये लेने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। दोनों का दावा है कि वे सैलून की दुकान के लिए चल रही टेंडर प्रक्रिया को देखने पहुंचे थे। उनके मुताबिक, वहां प्रक्रिया गलत तरीके से संचालित होती दिखाई दी, जिसका उन्होंने विरोध किया। उनका आरोप है कि इस दौरान डीजीएम ने उनके साथ अभद्रता की। फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


