प्रज्ञान की छात्राओं ने कबड्डी का खिताब जीता

अमर सैनी

नोएडा। जेवर के प्राचीन दाऊजी मंदिर में आयोजित 164 साल पुराने बलदेव छठ मेले में पहली बार खेली जा रही महिला कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मैच बुधवार को खेले गए। प्रतियोगिता के बेहद रोमांचक फाइनल में प्रज्ञान पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने साई सोनीपत हरियाणा की टीम को कड़े मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। जेडी एकेडमी की कीर्ति को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। प्रतियोगिता की प्रथम विजेता प्रज्ञान पब्लिक स्कूल की टीम को 41 हजार नकद व ट्रॉफी तथा उपविजेता को 31 हजार नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई।

महिला कबड्डी प्रतियोगिता के व्यवस्थापक हरीश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में पांच राज्यों की 22 महिला कबड्डी टीमों ने भाग लिया। सेमीफाइनल के पहले मैच में प्रज्ञान पब्लिक स्कूल ने जेडी एकेडमी को 28-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल साईं सोनीपत और बजरंग एकेडमी के बीच होना था, लेकिन बजरंग एकेडमी की टीम निजी कारणों से मैच नहीं खेली। इसके बाद साईं सोनीपत को फाइनल के लिए वॉकओवर मिल गया। बुधवार दोपहर हुए मैच में प्रज्ञान पब्लिक स्कूल की टीम ने साईं सोनीपत को दो अंकों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट के विशिष्ट अतिथि कुशलपाल सिंह और गौतम सिंह ने विजेता और उपविजेता को नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। एडवोकेट कपिल शर्मा ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जेडी एकेडमी नोएडा की कीर्ति को साइकिल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अध्यक्ष ओपी शर्मा, महासचिव बनवारीलाल शर्मा, आयोजक अश्विनी शर्मा, उपाध्यक्ष यश शर्मा, हरेंद्र शर्मा, हरिकिशन, सूरजभान शर्मा, हरीश शर्मा, शिवकुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img