दिल्ली

North East Delhi Attack: सुंदर नगरी में लूट के विरोध पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

North East Delhi Attack: सुंदर नगरी में लूट के विरोध पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

रिपोर्ट: रवि डालमिया

उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना क्षेत्र के सुंदर नगरी इलाके में दिनदहाड़े एक 26 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला किया गया। लूटपाट का विरोध करने पर दो बदमाशों ने युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। पीड़ित का इलाज जीटीबी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पीड़ित की पहचान 26 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई है, जो सुंदर नगरी में एक मेडिकल स्टोर के पास पूड़ी बेचने का काम करता है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे लोकेश घर से सामान लेने के लिए निकला था और डिस्पेंसरी वाली गली से गुजर रहा था, तभी दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे।

जब लोकेश ने साहस दिखाते हुए विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर करीब चार बार वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

पीड़ित के पिता सियाराम ने बताया कि उनका बेटा सामान लेने गया था, तभी अचानक शोर सुनाई दिया कि उस पर चाकू से हमला हुआ है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां दो युवक लोकेश पर वार कर रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही नंद नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोकेश को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

डीसीपी (उत्तर-पूर्वी जिला) ने बताया कि परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button