Tenant Verification: दिल्ली के ग़ाज़ीपुर से शुरू हुआ किराया सत्यापन अभियान तेज, 26 जनवरी से पहले पुलिस की कड़ी निगरानी
रिपोर्ट: रवि डालमिया
आने वाले गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को ध्यान में रखते हुए पूर्वी दिल्ली के ग़ाज़ीपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। इसी क्रम में ग़ाज़ीपुर थाना पुलिस ने मुल्ला कॉलोनी स्थित मस्जिद के बाहर विशेष किराया सत्यापन अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों का सत्यापन करना और अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान करना है, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक को समय रहते रोका जा सके।
आज से शुरू हुए इस विशेष अभियान में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अपने दस्तावेज़ों के साथ पंजीकरण कराया। दिल्ली पुलिस खुद मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान पर पैनी नज़र बनाए हुए है। यह कार्रवाई ग़ाज़ीपुर थाना प्रभारी एसओ उपाध्याय बाला शंकरम के नेतृत्व में अमन कमिटी के सहयोग से की जा रही है, जिससे सत्यापन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल इस अभियान के तहत केवल पंजीकरण और दस्तावेज़ों की जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि एक सप्ताह बाद घर-घर जाकर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। जिन लोगों ने किराया सत्यापन नहीं कराया होगा या जिनके दस्तावेज़ों में गड़बड़ी पाई जाएगी, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि यह कदम न केवल 26 जनवरी की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज़ से अहम है, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी बेहद जरूरी है।
इस किराया सत्यापन अभियान को स्थानीय लोगों का भी पूरा समर्थन मिल रहा है। स्थानीय प्रधान वीर सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान एक अच्छा और ज़रूरी कदम है। वहीं स्थानीय निवासी सुशील ने कहा कि यह एक बेहद अहम कार्रवाई है, समय-समय पर इस तरह के अभियान होने चाहिए, जिससे घुसपैठियों के लिए दिल्ली में कोई जगह न बचे।
स्थानीय निवासी वक़ील सैफी ने भी पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि यह घुसपैठियों के खिलाफ एक बड़ा और जरूरी प्रहार है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग समय-समय पर जानकारी साझा करते रहते हैं, ताकि केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस सही तरीके से कार्रवाई कर सके और वे आगे भी पूरा सहयोग करते रहेंगे।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है, इसलिए यह अभियान बेहद जरूरी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किराया सत्यापन अवश्य कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और समाज में शांति व विश्वास बना रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ
