Noida Truck Fire: नोएडा में कपड़ों से भरे ट्रक में भीषण आग, 30 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू

Noida Truck Fire: नोएडा में कपड़ों से भरे ट्रक में भीषण आग, 30 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू
नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र अंतर्गत चोटपुर पुश्ता रोड के पास गुरुवार शाम करीब चार बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कपड़ों की कतरन से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही देर में जलकर पूरी तरह राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसके पीछे कपड़ों की कतरन भरी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी ज्वलनशील पदार्थ या शॉर्ट सर्किट के कारण पहले कतरन में आग सुलगी और फिर तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग के तेज होने के कारण सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को अवगत कराया गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने ट्रक के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी पानी का छिड़काव किया, क्योंकि जलती कतरन की चिंगारियां आसपास तक उड़ रही थीं और आग फैलने का खतरा बना हुआ था।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक और उसमें भरा सारा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।





