राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Property Fraud:1.59 करोड़ की प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का भंडाफोड़, नोएडा पुलिस ने शातिर जालसाज को दबोचा

Noida Property Fraud:1.59 करोड़ की प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का भंडाफोड़, नोएडा पुलिस ने शातिर जालसाज को दबोचा

नोएडा में कमर्शियल प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना सेक्टर-142 पुलिस ने अन्य कंपनियों के प्रोजेक्ट को अपना बताकर निवेशकों को झांसे में लेने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने नकली अलॉटमेंट लेटर और फर्जी एग्रीमेंट के जरिए 1 करोड़ 59 लाख रुपये की ठगी की थी। इस कार्रवाई से प्रॉपर्टी सेक्टर में सक्रिय ठगों के नेटवर्क पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार नोएडा निवासी एक व्यक्ति ने 18 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-142 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि श्याम गौतम और विष्णु गौतम पुत्र जयप्रकाश गौतम ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताकर अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रोजेक्ट को अपना प्रोजेक्ट बताकर बेचा। आरोपियों ने नकली दस्तावेज तैयार कर पीड़ित को कमर्शियल प्रॉपर्टी दिलाने का झांसा दिया और मोटी रकम वसूल ली, लेकिन न तो प्रॉपर्टी दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-142 पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर गुरुवार को कार्रवाई करते हुए अभियुक्त देवान्श शर्मा उर्फ श्याम गौतम पुत्र जयप्रकाश गौतम को भूटानी एल्फाथम के सामने सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उससे पूछताछ की गई तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह प्रॉपर्टी खरीदवाने और बिचौलिया बनने के नाम पर अपनी कंपनी के जरिए लोगों को प्रभावित करता था। आकर्षक प्रोजेक्ट और बेहतर रिटर्न का लालच देकर निवेशकों से पैसे ले लिए जाते थे, लेकिन बाद में न तो प्रॉपर्टी दिलाई जाती थी और न ही रकम लौटाई जाती थी। वर्ष 2022 में उसने अपने भाई और सह-अभियुक्त विष्णु गौतम के साथ मिलकर एक व्यक्ति से 1.59 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी, जिसमें फर्जी अलॉटमेंट लेटर और एग्रीमेंट का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक पीड़ित तक सीमित नहीं हो सकता और आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है, जबकि फरार सह-अभियुक्त विष्णु गौतम की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रॉपर्टी में निवेश से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button