राज्यउत्तर प्रदेश

Noida: नोएडा सेक्टर-167 में फरवरी के अंत तक शुरू होगा निजी ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र, अब लाइसेंस के लिए दादरी नहीं जाना पड़ेगा

Noida: नोएडा सेक्टर-167 में फरवरी के अंत तक शुरू होगा निजी ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र, अब लाइसेंस के लिए दादरी नहीं जाना पड़ेगा

नोएडा: नोएडा के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के सेक्टर-167 में निजी मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र फरवरी माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने के बाद नोएडा निवासियों को स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा के लिए दादरी तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। यह केंद्र गौतमबुद्ध नगर जिले का तीसरा मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र होगा।

परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में कुल पांच ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र प्रस्तावित थे। इनमें से दो केंद्र पहले ही ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं, जिनमें शिवम मार्बल मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र और वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र शामिल हैं। अब तीसरा केंद्र एम/एस एक्सलरेट इंस्टीट्यूट द्वारा नोएडा सेक्टर-167 में शुरू किया जा रहा है।

हालांकि, इस केंद्र को शुरू करने की निर्धारित समयसीमा पूरी हो चुकी थी, लेकिन केंद्र संचालन की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति ने कुछ अतिरिक्त समय की मांग की थी। इस संबंध में एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडे ने बताया कि केंद्र का ढांचा पूरी तरह तैयार है और इसे अधिकतम एक से दो माह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि फरवरी के अंत तक केंद्र आम लोगों के लिए खोल दिया जाए।

सेक्टर-167 में यह केंद्र शुरू होने से खास तौर पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से लोग नोएडा में ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा देने के लिए उन्हें लगभग डेढ़ घंटे का सफर तय कर दादरी पहुंचना पड़ता था। कई बार परीक्षा में असफल होने की स्थिति में दोबारा आवेदन कर फिर से इतनी ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।

परिवहन विभाग के अनुसार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी एक और ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की योजना है। इसके लिए मुख्यालय से अनुमति मिल चुकी है, लेकिन जिस व्यक्ति को इसकी जिम्मेदारी दी गई है, उन्होंने अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित एक अन्य केंद्र के लिए आवेदक ने अपना आवेदन वापस ले लिया है।

गौरतलब है कि 31 जुलाई तक स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा की जिम्मेदारी परिवहन विभाग के पास थी, लेकिन 1 अगस्त से शासन के निर्देश पर यह जिम्मेदारी निजी ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों को सौंप दी गई। अब आवेदकों को परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.parivahan.gov.in पर जाकर स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करना होता है। ऑनलाइन टाइम स्लॉट बुक होने के बाद अभ्यर्थी को तय केंद्र पर जाकर ड्राइविंग टेस्ट देना होता है। परीक्षा में सफल होने पर ड्राइविंग लाइसेंस लखनऊ स्थित एजेंसी द्वारा प्रिंट कराकर सीधे वाहन मालिक के पते पर भेज दिया जाता है।

Related Articles

Back to top button