Noida: नोएडा में इंडियन ऑयल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की संदिग्ध मौत, 17वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर गई जान

Noida: नोएडा में इंडियन ऑयल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की संदिग्ध मौत, 17वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर गई जान

नोएडा: नोएडा के सेक्टर-104 स्थित एक पॉश सोसाइटी में शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय गर्ग की 17वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय अजय गर्ग इंडियन ऑयल के दिल्ली स्थित कार्यालय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से कानपुर के निवासी थे और वर्तमान में अपनी पत्नी मयूरी गर्ग के साथ नोएडा सेक्टर-104 की एटीएस वन हेमलेट सोसाइटी के फ्लैट नंबर 9171 में रहते थे। उनका एक बेटा देवांग गर्ग है, जो फिलहाल मुंबई में नौकरी करता है।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे अजय गर्ग ने अपनी पत्नी से यह कहकर बालकनी की ओर गए कि वह पांच मिनट में वापस आ रहे हैं। इसके कुछ ही देर बाद वह 17वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सेक्टर-110 स्थित यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद से मृतक की पत्नी और अन्य परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। बेटे देवांग को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और वह मुंबई से नोएडा के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस द्वारा पंचायतनामा और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस घटना से सोसाइटी में शोक का माहौल है और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी गहरा दुख देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img