Noida Mobile Theft Gang: मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिगों से पीजी और कमरों में कराते थे चोरी

Noida Mobile Theft Gang: मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिगों से पीजी और कमरों में कराते थे चोरी
नोएडा। नोएडा पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिग बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिन्हें अलग-अलग स्थानों से चुराया गया था।
यह कार्रवाई सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में दर्ज एक शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता चोटपुर कॉलोनी, सेक्टर-63 स्थित अपनी कंपनी से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में सब्जी खरीदने के लिए जैसे ही वे रुके, भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनकी जेब से INFINIX कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जे-ब्लॉक, सेक्टर-63 स्थित ग्रीन बेल्ट इलाके में दबिश दी। यहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके साथ सक्रिय चार नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया।
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि यह गिरोह औद्योगिक क्षेत्रों में कंपनियों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले पैदल कर्मचारियों को निशाना बनाता था। सुबह और शाम के समय जब सड़कों पर भीड़ रहती थी, तब आरोपी मौका देखकर जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। इसके अलावा गिरोह के सदस्य नाबालिग बच्चों को बहला-फुसलाकर वर्करों के कमरों, पीजी और घरों में चोरी करवाते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन बाद में बेच दिए जाते थे और नाबालिगों को थोड़े-बहुत पैसे देकर उनका इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह की गतिविधियों से सेक्टर-63 और आसपास के औद्योगिक इलाकों में मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल चोरों पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं।





