उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Flower Show 2026: चार दिन तक फूलों से महकेगा नोएडा, केदारनाथ मंदिर की भव्य फ्लोरल थीम होगी आकर्षण का केंद्र

Noida Flower Show 2026: चार दिन तक फूलों से महकेगा नोएडा, केदारनाथ मंदिर की भव्य फ्लोरल थीम होगी आकर्षण का केंद्र

नोएडा शहर एक बार फिर रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू और कलात्मक सजावट से सराबोर होने जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से 19 से 22 फरवरी तक चार दिवसीय भव्य फ्लावर शो का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सेक्टर-33ए स्थित शिल्पहाट के पास शिवालिक पार्क में होगा, जहां देश-विदेश की फूलों की प्रजातियों, कलात्मक स्कलप्चर और आकर्षक थीम्स के माध्यम से शहरवासियों को प्रकृति के सौंदर्य का अनूठा अनुभव मिलेगा।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष का फ्लावर शो अपने विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक थीम के कारण खास रहेगा। शो का सबसे बड़ा आकर्षण केदारनाथ मंदिर की भव्य फ्लोरल संरचना होगी, जिसे पूरी तरह फूलों से तैयार किया जाएगा। यह मंदिर लगभग 30 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा होगा। वहीं, शो का मुख्य प्रवेश द्वार भी केदारनाथ थीम पर आधारित होगा, जिसकी लंबाई करीब 22 फीट और ऊंचाई लगभग 25 फीट होगी। केदारनाथ मंदिर के सामने फूलों से बना त्रिशूल, डमरू और नंदी की प्रतिकृतियां भी स्थापित की जाएंगी, जिनकी ऊंचाई करीब 3 फीट और लंबाई 8 फीट होगी। इसके साथ ही करेले से तैयार किया गया 6 फीट ऊंचा हाथी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

फ्लावर शो में मुख्य पाथवे और गार्डन एरिया को विशेष बास्केट सौंदर्यकरण के जरिए सजाया जाएगा। 7 फीट ऊंचे बास्केट फॉर पॉट्स फ्लावर, 10 फीट लंबा और 12 फीट ऊंचा प्रवेश गार्डन द्वार, 8 फीट लंबा टॉप बास्केट फ्लो और ढोलक शेप बास्केट जैसे कई अनोखे फ्लोरल डिजाइन तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा मटका फ्लो, बुद्धा लोटस और अन्य कलात्मक आकृतियां भी फूलों के माध्यम से बनाई जाएंगी, जो प्रकृति और कला के सुंदर संगम को दर्शाएंगी।

इस भव्य आयोजन में कई प्रतिष्ठित संस्थान अपनी प्रदर्शनी लगाएंगे। इनमें उत्तर रेलवे, नई दिल्ली म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन, दक्षिणी दिल्ली म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन, भारतीय थल सेना, कोटा हाउस, भारत पेट्रोलियम, एलजी, एडोब सिस्टम, एनआईआईटी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शामिल हैं। ये संस्थान अपने-अपने थीम गार्डन और फ्लोरल डिस्प्ले के जरिए शो की भव्यता को और बढ़ाएंगे।

कार्यक्रमों की बात करें तो 19 फरवरी को गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह द्वारा फ्लावर शो का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर आईटीबीपी बैंड टीम की विशेष प्रस्तुति होगी। 20 फरवरी को सवत्र बैंड दर्शकों का मनोरंजन करेगा। 21 फरवरी को विभिन्न संस्थानों द्वारा तैयार किए गए गार्डनों का जजों की टीम द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। 22 फरवरी को स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, ताकि बच्चों में रचनात्मकता और प्रकृति प्रेम को बढ़ावा दिया जा सके। इसी दिन समापन समारोह में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें डॉ. विष्णु सक्सेना, डॉ. अर्जुन शिशौदिया, अनिल अगवंशी, शंभू शिखर, कल्पना शुक्ला और विनोद पांडेय जैसे चर्चित कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

फ्लावर शो में कुल 90 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 38 नर्सरी शामिल होंगी। इनमें से कई नर्सरी कलिम्पोंग और भीमताल जैसे क्षेत्रों से आ रही हैं। यहां बीज, खाद, पौधे, नर्सरी उत्पाद, खेती के औजार, गार्डन डेकोरेशन का सामान, कीटनाशक और विभिन्न प्रकार के गमले उपलब्ध होंगे। चार दिनों तक चलने वाला यह फ्लावर शो न केवल प्रकृति प्रेमियों के लिए बल्कि पूरे परिवार के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रहा है।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button
top online casinos in Canada best online casino Canada 2026 top rated online casinos Canada online casinos ranked Canada 2026 top 10 casino sites Canadian players