Greater Noida: शादीशुदा कॉन्स्टेबल की गर्लफ्रेंड ने खुद को मारी गोली, पत्नी का फोन आने के बाद उठाया खौफनाक कदम

Greater Noida: शादीशुदा कॉन्स्टेबल की गर्लफ्रेंड ने खुद को मारी गोली, पत्नी का फोन आने के बाद उठाया खौफनाक कदम

ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक शादीशुदा हेड कॉन्स्टेबल की गर्लफ्रेंड ने उसकी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घायल युवती की पहचान प्रिया (25) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशीष के साथ रिलेशनशिप में थी। बताया जा रहा है कि आशीष की शादी पहले से हो चुकी थी और उसका पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। बीते करीब पांच महीनों से दोनों राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के एक फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

घटना गुरुवार रात की है, जब आशीष के फ्लैट में पार्टी चल रही थी। पार्टी में उसके कुछ दोस्त भी मौजूद थे। इसी दौरान अचानक आशीष के मोबाइल पर उसकी पत्नी का फोन आ गया। आरोप है कि फोन प्रिया ने रिसीव कर लिया और दोनों के बीच फोन पर ही तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से और मानसिक तनाव की स्थिति में प्रिया ने पास में रखी आशीष की लाइसेंसी पिस्टल उठा ली और खुद को गोली मार ली।

गोली चलने की आवाज सुनते ही फ्लैट में मौजूद लोग घबरा गए। आशीष और उसके दोस्त दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि प्रिया खून से लथपथ पड़ी थी। आनन-फानन में आशीष उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद गंभीर बताई। फिलहाल युवती वेंटिलेटर सपोर्ट पर है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी बिसरख ने बताया कि देर रात गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच में सामने आया कि युवती को गन शॉट इंजरी हुई है और उसे उसी युवक द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया, जिसके साथ वह रह रही थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल को बरामद कर लिया है और संबंधित फ्लैट को सील कर दिया गया है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर के गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। युवती के परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ तहरीर दी गई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी कॉन्स्टेबल को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img