Noida Factory Fire: तार बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

Noida Factory Fire: तार बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान
नोएडा: थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-6 में स्थित ई-69 और 70 की एक वायर बनाने वाली कंपनी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही कंपनी के अंदर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग बाहर निकल गए और किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, आग कंपनी के ऊपरी तल पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने धीरे-धीरे पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी में बड़ी मात्रा में तार और कच्चा माल रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना के समय कंपनी में कर्मचारी पहुंचना शुरू ही हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और चार गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि तार और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण काफी देर तक धुआं उठता रहा, जिससे आसपास के इलाके में भी असर देखने को मिला। एहतियात के तौर पर आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों को बाहर ही रोक दिया गया था, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रशासन और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि आग दोबारा न भड़के। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कामगारों ने मांग की है कि ऐसी कंपनियों में नियमित सुरक्षा जांच और उपकरणों की व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।





