Noida Dog Attack: ग्रेटर नोएडा के पार्क में महिला पर आवारा कुत्तों का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Noida Dog Attack: ग्रेटर नोएडा के पार्क में महिला पर आवारा कुत्तों का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
नोएडा के ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर बीटा‑2 में आवारा कुत्तों के हमले का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शाम को टहलने के लिए पार्क में गई एक महिला पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुत्तों के काटने से उनके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म हो गए और उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
जानकारी के अनुसार घायल महिला मिथलेश अपने परिवार के साथ सेक्टर बीटा-2 के आई ब्लॉक में रहती हैं। उनके बेटे डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि उनकी मां रोजाना की तरह शाम को टहलने के लिए पार्क में गई थीं। इसी दौरान पार्क में मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
कुत्तों के अचानक हमले से महिला घबरा गईं और खुद को बचाने के लिए वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कुत्तों ने उनके पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई जगह काट लिया। हमले के दौरान महिला को तीन से चार जगह गंभीर चोटें आईं और जख्म इतने गहरे थे कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा।
परिवार के अनुसार महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय तक आराम करने की सलाह दी है और बताया है कि जख्म गहरे होने के कारण उन्हें पूरी तरह ठीक होने में एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सेक्टर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आए दिन किसी न किसी पर हमला हो रहा है। लोगों का दावा है कि हाल ही में भी तीन से चार लोगों को कुत्तों ने काट लिया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। निवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों के कारण अब घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है और खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है।
इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ




