Noida Crime: दोस्ती तोड़ने पर युवती के घर में घुसा युवक, गाली-गलौज का आरोप

Noida Crime: दोस्ती तोड़ने पर युवती के घर में घुसा युवक, गाली-गलौज का आरोप
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में रहने वाली युवती ने अपने पूर्व दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि दोस्ती खत्म करने के बाद नाराज युवक जबरन उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता बिसरख कोतवाली क्षेत्र की एक सोसाइटी में अकेली रहती है। उसने बताया कि शुभम नामक युवक से उसकी पिछले तीन वर्षों से दोस्ती थी, लेकिन करीब एक महीने पहले उसने यह रिश्ता खत्म कर दिया। इसके बाद से आरोपी लगातार नाराज चल रहा था।
घटना रविवार की बताई जा रही है, जब आरोपी युवक युवती के फ्लैट पर पहुंच गया। युवती ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया, तो आरोपी किचन की खिड़की के जरिए जबरन घर के अंदर घुस आया। इसके बाद उसने गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया।
युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पीड़िता काफी डरी और सहमी हुई है। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





