उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Clock Tower: जीआईपी मॉल के सामने बन रहा क्लॉक टावर 26 जनवरी को होगा शुरू, सेक्टर-38ए को मिलेगा नया आकर्षण

Noida Clock Tower: जीआईपी मॉल के सामने बन रहा क्लॉक टावर 26 जनवरी को होगा शुरू, सेक्टर-38ए को मिलेगा नया आकर्षण

नोएडा। सेक्टर-38ए स्थित जीआईपी मॉल के सामने बन रहा क्लॉक टावर इसी महीने 26 जनवरी को जनता के लिए खोलने की तैयारी है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, क्लॉक टावर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। यदि मौसम और तकनीकी तैयारियां समय पर पूरी रहीं, तो गणतंत्र दिवस के अवसर पर इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण लगातार शहर की सुंदरता बढ़ाने और प्रमुख चौराहों को पहचान देने के लिए क्लॉक टावर विकसित कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में सेक्टर-128 स्थित जेपी गोलचक्कर के पास बने क्लॉक टावर का उद्घाटन कर दिया गया है। इससे पहले सेक्टर-18 में भी एक छोटे क्लॉक टावर की शुरुआत की जा चुकी है। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में अब जीआईपी मॉल के सामने, पुलिस चौकी के पास, श्रीनगर के प्रसिद्ध लाल चौक की तर्ज पर एक भव्य क्लॉक टावर तैयार किया जा रहा है।

प्राधिकरण के अनुसार, क्लॉक टावर के शुरू होते ही वहां स्थित पुलिस चौकी को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, ताकि क्षेत्र को खुला और अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके। इस स्थान को सिर्फ एक चौराहे तक सीमित न रखकर, लोगों के लिए एक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आने-जाने वाले लोगों के बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी, जिससे मॉल में खरीदारी करने आने वाले लोग और आसपास के निवासी कुछ समय सुकून से बिता सकें।

अधिकारियों का कहना है कि सेक्टर-18, सेक्टर-38ए और आसपास के इलाकों में पहले से ही बड़ी संख्या में लोग मॉल, बाजार और कार्यालयों के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में यह क्लॉक टावर न सिर्फ इलाके की पहचान बनेगा, बल्कि शहर की खूबसूरती में भी इजाफा करेगा। शाम के समय लाइटिंग के साथ यह स्थान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।

नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि इस तरह के सौंदर्यीकरण कार्यों से शहर को एक अलग पहचान मिलती है और नागरिकों में भी शहर के प्रति अपनापन बढ़ता है। 26 जनवरी को प्रस्तावित उद्घाटन के साथ ही जीआईपी मॉल के सामने का यह क्षेत्र एक नए रूप में नजर आएगा।

Related Articles

Back to top button