Noida NHM Strike Warning: संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी, 2 माह से वेतन लंबित

Noida NHM Strike Warning: संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी, 2 माह से वेतन लंबित

नोएडा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत 800 से अधिक संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने वेतन भुगतान न होने के विरोध में 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इस संबंध में शुक्रवार को यूपी एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा।

संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. मतलूब ने बताया कि एनएचएम के तहत कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन, डेटा ऑपरेटर और अन्य कर्मचारी लंबे समय से वेतन के इंतजार में हैं। कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

महामंत्री आशुदीप ने कहा कि वेतन न मिलने की वजह से कई कर्मचारियों को बच्चों की स्कूल फीस तक जमा करने में दिक्कत आ रही है। घरेलू खर्चों के साथ-साथ दैनिक जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक वेतन जारी नहीं किया गया तो 21 मई से “नो पे-नो वर्क” की नीति के तहत सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे।

कर्मचारियों ने इसके साथ ही कई अन्य मांगें भी उठाई हैं। इनमें समान कार्य के लिए समान वेतन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा सुविधा, डीए और ईपीएफ का लाभ शामिल है। इसके अलावा संविदा कर्मचारियों के लिए अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, खाली पदों पर भर्ती और कोविड काल में कार्य करने वाले कर्मचारियों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन की मांग भी की गई है।

संघ का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, क्योंकि बड़ी संख्या में कर्मचारी आंदोलन में शामिल होंगे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से फिलहाल इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर स्थिति की समीक्षा शुरू कर दी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img