
Namo Shakti Rath: विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर महिला स्वस्थ होगी : सांसद कार्तिकेय शर्मा
रिपोर्ट : कोमल रमोला
अंबाला: अंबाला शहर के नया बांस क्षेत्र में नमो शक्ति रथ आपके द्वार अभियान के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने सहभागिता की और महिलाओं से सीधे संवाद किया। उनके आगमन पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच करवाई और जागरूकता संबंधी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि नमो शक्ति रथ केवल एक स्वास्थ्य पहल नहीं है, बल्कि यह दुनिया का सबसे बड़ा स्तन कैंसर जांच अभियान बनने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के घर-द्वार तक पहुंचकर निःशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराना न सिर्फ भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक नया उदाहरण स्थापित कर रहा है। यह अभियान महिलाओं को भय से मुक्त कर समय पर जांच और सही जानकारी से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
सांसद ने कहा कि महिलाओं के कैंसर के खिलाफ यह लड़ाई केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की संवेदनशीलता और प्राथमिकताओं की भी कसौटी है। स्वस्थ नारी के बिना सशक्त भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करना है, तो हर मां, बहन और बेटी को ऐसी बीमारियों के भय से मुक्त करना होगा, जिनका समय रहते इलाज संभव है। किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसकी महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और स्वास्थ्य में झलकती है। आज महिलाओं के स्वास्थ्य में किया गया निवेश, देश के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है।
शिविर में बताया गया कि नमो शक्ति रथ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर की गई थी। आगामी महीनों में हरियाणा की 75,000 महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिदिन प्रत्येक जिले के एक गांव को कवर करने की योजना बनाई गई है, जिसे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी है। प्रत्येक मोबाइल स्वास्थ्य वैन आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है, जहां प्राथमिक स्तर पर स्तन कैंसर जांच सहित आवश्यक परीक्षण किए जा रहे हैं। डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और तृतीयक संस्थानों से जोड़कर समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे यह अभियान वैश्विक स्तर पर एक मॉडल बन सके।
कार्यक्रम में महापौर शैलजा सचदेवा, मनोनीत पार्षद संदीप सचदेवा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसी दौरान सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने गांव धुराला की निवासी सवनीत कौर को सम्मानित किया, जिन्होंने नेपाल में आयोजित 12वीं इंडो-नेपाल स्केटिंग प्रतियोगिता में 5 से 9 वर्ष आयु वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर अंबाला और देश का नाम रोशन किया। सांसद ने बच्ची का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की भूमि है और यहां के बच्चे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की शान बढ़ा रहे हैं।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





