Malakpur Stadium Noida: मलकपुर स्टेडियम में कबड्डी खिलाड़ियों को मिलेगी राहत, हर मौसम में अभ्यास के लिए लगेगा टीन शेड

Malakpur Stadium Noida: मलकपुर स्टेडियम में कबड्डी खिलाड़ियों को मिलेगी राहत, हर मौसम में अभ्यास के लिए लगेगा टीन शेड
नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के कबड्डी खिलाड़ियों को अब अभ्यास के दौरान मौसम की मार नहीं झेलनी पड़ेगी। सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी मैदान पर टीन शेड लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे खिलाड़ी सालभर बिना रुकावट अभ्यास कर सकेंगे।
यह पहल जिला खेल विभाग द्वारा जिला विकास खेलकूद प्रोत्साहन समिति के सहयोग से की जा रही है। लंबे समय से यहां प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को गर्मी, सर्दी और बारिश के कारण अभ्यास में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार खराब मौसम के चलते अभ्यास पूरी तरह बाधित हो जाता था।
अधिकारियों के अनुसार टीन शेड लगने के बाद करीब 22 खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल नियमित प्रशिक्षण संभव होगा, बल्कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी बेहतर होगा।
यह निर्णय हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया था। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि इस योजना पर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे स्टेडियम में कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी आसानी से हो सकेगा और खिलाड़ियों को अपने ही जिले में बेहतर मंच मिलेगा।
इस सुविधा के बाद स्थानीय खिलाड़ी जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।





