अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा। ग्रेटर नोएडा से दादरी न्यूज नोएडा जाने वाले लोगों के लिए गुड न्यूज है। ग्रेटर नोएडा से दादरी-न्यूज नोएडा के सफर में अब लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। काफी समय के इंतजार के बाद बोड़ाकी रेलवे स्टेशन (Bodaki Railway Station) के पास बना अंडरपास (Underpass) आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इसके शुरू होते ही ग्रेटर नोएडा से जीटी रोड (GT Road) और दादरी तक की सीधी कनेक्टिविटी आसान हो गई है। अब फाटक बंद होने की समस्या से लोगों को राहत मिल गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार पहले बोड़ाकी से दादरी की तरफ जाने वाले लोगों को रेलवे फाटक बंद होने के कारण घंटों का इंतजार करना पड़ा था। दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन (Delhi-Howrah Railway Line) पर ट्रेनों का भारी दबाव रहता है, जिससे फाटक देर से खुलते हैं। लेकिन अब इस अंडरपास के जरिए से यात्री बिना रुके सीधे अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं।
इस अंडरपास (Underpass) का निर्माण रेलवे विभाग द्वारा बीते साल शुरू किया गया था। जिसका काम मई के पहले सप्ताह में पूरा कर लिया गया। फिलहाल फिनिशिंग के साथ-साथ रैम्प पर टीन शेड लगाने का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस के लिए इसे खोल दिया गया है। ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के 10 से ज्यादा सेक्टर और दादरी क्षेत्र के 20 से ज्यादा गांवों के लोगों को इस अंडरपास से बड़ी राहत मिली है। अब न केवल डेल्टा-1, अल्फा-1, डिपो मेट्रो स्टेशन जैसे सेक्टरों तक सीधी पहुंच संभव है, बल्कि न्यू नोएडा, ग्रेटर नोएडा फेज-2 (Greater Noida Phase-2) और अंसल हाउसिंग प्रोजेक्ट तक भी परी चौक से 105 मीटर रोड होते हुए सीधा सफर तय किया जा सकता है।इस अंडरपास खुलने से अब लोगों को दादरी रेलवे ओवरब्रिज से होकर 8 से 10 किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सालों से इस कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे स्थानीय नागरिकों के लिए यह एक बड़ी सौगात साबित हो रही है।


