Holi Rush: होली पर घर जाने की होड़, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़

Holi Rush: होली पर घर जाने की होड़, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़
होली का त्योहार नजदीक आते ही अपने घर-परिवार के साथ रंगों का पर्व मनाने की चाह में यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। रविवार को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिला, जहां बिहार, पूर्वांचल और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीट मिलना बेहद मुश्किल हो गया। स्थिति ऐसी रही कि कई ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल पाई और प्लेटफॉर्म पर चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह से ही स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे ट्रेनों का समय नजदीक आता गया, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती गई। गोमती एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नई दिल्ली महामना एक्सप्रेस, मऊ एक्सप्रेस सहित दिल्ली स्पेशल फेयर होली स्पेशल और अन्य प्रमुख ट्रेनों में भारी भीड़ देखी गई। कई बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी, जिसके कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रेन के गेट पर यात्रियों की भीड़ जमा हो जाने से हालात कुछ समय के लिए अव्यवस्थित हो गए। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी जवानों ने मोर्चा संभालते हुए यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने में मदद की। भारी भीड़ के कारण कई यात्री अपनी ट्रेन पकड़ने से भी चूक गए, जिससे उनमें निराशा देखी गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, होली के चलते हर साल इस अवधि में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। इस बार भी बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिसके चलते नियमित ट्रेनों के साथ-साथ चलाई गई होली स्पेशल ट्रेनें भी पूरी तरह भरी हुई नजर आईं।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न प्लेटफॉर्म पर बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस जवान तैनात किए गए हैं। खासकर प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, जहां यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें, धक्का-मुक्की से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि त्योहार के दौरान यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।


