Greater Noida West theft: ग्रेनो वेस्ट में मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर चोरी, एक लाख रुपये नगद और दवाइयां ले उड़े बदमाश

Greater Noida West theft: ग्रेनो वेस्ट में मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर चोरी, एक लाख रुपये नगद और दवाइयां ले उड़े बदमाश
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चिपियाना बुजुर्ग गांव में स्थित एक मेडिकल स्टोर को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए शटर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नगदी और कीमती दवाइयां चोरी कर लीं। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चिपियाना बुजुर्ग स्थित चौधरी मार्केट में मनोज का मेडिकल स्टोर है। पीड़ित मनोज ने बताया कि वह 20 फरवरी की रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। 21 फरवरी की सुबह जब वह स्टोर खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि गल्ले में रखी लगभग एक लाख रुपये की नकदी और कई महंगी दवाइयां गायब थीं। दुकान के सामान को भी अस्त-व्यस्त किया गया था, जिससे साफ है कि चोरों ने आराम से दुकान खंगाली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने रात के समय सुनसान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
