Gaur City Society: गौड़ सिटी सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं का संकट, बिल्डर पर मनमानी के आरोप

Gaur City Society: गौड़ सिटी सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं का संकट, बिल्डर पर मनमानी के आरोप
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में स्थित गौड़ सिटी सोसाइटी के निवासी गंभीर मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। बिजली, पानी, सड़क, सफाई और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव को लेकर सोसाइटी के लोगों में भारी नाराजगी है। शुक्रवार को अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर सोसाइटी के निवासियों ने एक बैठक आयोजित की, जिसमें बिल्डर प्रबंधन पर मनमानी और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए गए।
बैठक में निवासियों ने बताया कि बिल्डर द्वारा उनसे अनावश्यक और अत्यधिक रखरखाव शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे फ्लैट मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि बिल्डर न तो रेरा के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहा है और न ही कोर्ट के आदेशों को गंभीरता से ले रहा है। आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन ‘कॉन्ट्रैक्शन पेनल्टी’ के नाम पर बायर्स से लाखों रुपये की मांग कर रहा है। पेनल्टी नहीं देने पर फ्लैट मालिकों को एनओसी और बिजली कनेक्शन जैसी जरूरी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।
सोसाइटी में सफाई व्यवस्था की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। कई स्थानों पर गंदगी फैली हुई है और सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। सड़कें जगह-जगह से टूटी हुई हैं, नालियों का निर्माण अधूरा है और पाइपलाइन से जुड़े कई जरूरी कार्य अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। निवासियों का कहना है कि वे रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन बिल्डर प्रबंधन उनकी शिकायतों को अनसुना कर रहा है।
बैठक में मौजूद बायर्स ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे बिल्डर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे और कोर्ट का रुख अपनाएंगे। निवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी लगाकर घर खरीदे हैं, लेकिन अब उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए भी आंदोलन करना पड़ रहा है। बैठक में विपिन त्यागी, सुरेन्द्र भाटी, मिथलेश शर्मा, अतुल यादव, पुनीत कुमार, संदीप मुदगल, अतुल चौहान, सेवकराम सिंह और अनिल चौधरी सहित बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासी मौजूद रहे।





