Drug Smuggling ग्रेटर नोएडा में 15 लाख की विदेशी ड्रग्स जब्त, छात्रों को सप्लाई करने वाले चार तस्कर गिरफ्तार

Drug Smuggling ग्रेटर नोएडा में 15 लाख की विदेशी ड्रग्स जब्त, छात्रों को सप्लाई करने वाले चार तस्कर गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत की विदेशी और सिंथेटिक ड्रग्स बरामद हुई हैं। यह गिरोह नॉलेज पार्क क्षेत्र के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे प्रेस वार्ता में बताया कि नॉलेज पार्क पुलिस ने 30 जुलाई को क्राउन एक्सपो की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई की। पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.05 किलोग्राम शिलॉन्ग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी यानी ओरिजिनल ग्रोअर कैलिफोर्निया वीड, 144 एमडीएमए एक्स्टसी गोलियां और 63 ग्राम काला हशीश बरामद किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और कथित तौर पर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह छात्रों को नशीले पदार्थ 3,000 से 4,000 रुपये प्रति ग्राम की कीमत पर उपलब्ध कराता था।

जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को अपना निशाना बनाते थे। ग्राहकों से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया जाता था और ऑर्डर मिलने के बाद नशीले पदार्थों की डिलीवरी की जाती थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलेसरा निवासी इमरान, उत्तराखंड निवासी दीपक कुमार, फर्रुखाबाद निवासी शिवम कुमार और हल्द्वानी निवासी बॉबी के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। इसके अलावा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह को विदेशी और सिंथेटिक ड्रग्स कहां से मिलती थीं तथा इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img