राज्यउत्तर प्रदेश

Post Office Fraud पोस्टमास्टर पर सुकन्या और आरडी की रकम लेकर फरार होने का आरोप, डाक विभाग ने शुरू की जांच

Post Office Fraud: पोस्टमास्टर पर सुकन्या और आरडी की रकम लेकर फरार होने का आरोप, डाक विभाग ने शुरू की जांच

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के रौनीजा गांव स्थित उपडाकघर के ब्रांच पोस्टमास्टर पर सुकन्या समृद्धि योजना और आरडी योजना की किश्त के लाखों रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने गुरुवार को मुख्य डाकघर और कोतवाली रबूपुरा में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद डाक विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीण बलबीर और अन्य खाताधारकों के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटियों के नाम भारत सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खुलवा रखे हैं। इसके अलावा कई ग्रामीणों ने आरडी योजना के खाते भी खोले हुए हैं। ग्रामीण हर महीने इन खातों की किश्त गांव की डाक शाखा में तैनात ब्रांच पोस्टमास्टर दीपांशु डागर को जमा कराते थे।

ग्रामीणों का कहना है कि रकम जमा करने के बाद पोस्टमास्टर पासबुक में एंट्री कर उसे खाताधारकों को वापस कर देता था। आरोप है कि जून महीने की किश्त के रूप में भी ग्रामीणों ने हजारों रुपये पोस्टमास्टर को दिए थे, लेकिन यह रकम अब तक संबंधित खातों में जमा नहीं हुई है।

कई खाताधारकों का आरोप है कि उनकी पासबुक भी उन्हें वापस नहीं मिली हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, रकम लेने के बाद से पोस्टमास्टर गांव नहीं आया और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। इसके बाद लोगों को रकम के गबन की आशंका हुई और उन्होंने डाक विभाग तथा पुलिस से शिकायत की।

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा की जाने वाली रकम उनकी बेटियों के भविष्य से जुड़ी बचत है और इसमें किसी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिन खाताधारकों की रकम जमा नहीं हुई है, उसे उनके खातों में दर्ज कराया जाए। डाक विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि शिकायत की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button