राज्यउत्तर प्रदेश

Tenant Verification बिना सत्यापन विदेशी किरायेदार रखने पर कार्रवाई, फ्लैट मालिकों को नोटिस भेजे जाएंगे

Tenant Verification बिना सत्यापन विदेशी किरायेदार रखने पर कार्रवाई, फ्लैट मालिकों को नोटिस भेजे जाएंगे

नोएडा। जेवर के यमुना सिटी क्षेत्र की 22डी सोसायटी और आसपास की आवासीय सोसायटियों में बिना पुलिस सत्यापन विदेशी नागरिकों को फ्लैट किराए पर देने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। सोसायटी प्रबंधन ने गुरुवार को ऐसे फ्लैट मालिकों की सूची तैयार कर ली है। संबंधित लोगों को अगले दो दिनों में नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

22डी सोसायटी एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने बताया कि हाल ही में पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान सोसायटी में रहने वाले विदेशी नागरिकों का पूरा विवरण पुलिस को उपलब्ध कराया गया था। पुलिस की ओर से बताया गया कि यह जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को भी भेजी गई है।

केंद्रीय एजेंसियां विदेशी नागरिकों के वीजा की वैधता सहित उनके दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगी। सोसायटी के निवासियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने नियमित पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है। इससे सोसायटी और आसपास बाहरी लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।

एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि सुरक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर 22डी सोसायटी के निवासी उनसे मिले थे। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को नियमित गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना पुलिस सत्यापन विदेशी नागरिकों को किराए पर रखने के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि किरायेदारों के सत्यापन की प्रक्रिया का उद्देश्य सोसायटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किरायेदारी से संबंधित नियमों का पालन कराना है।

Related Articles

Back to top button