उत्तर प्रदेश : हापुड़ में युवक पर लोहे की रॉड से हमला, गंभीर रूप से घायल

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा में शुक्रवार रात अपने दोस्तों के साथ टहल रहे एक युवक पर चार युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घायल को पुलिस ने मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव उपैड़ा निवासी रितेश कुमार शुक्रवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ टहल रहा था। तभी गांव के चार आरोपी मौके पर पहुंच गए। सभी आरोपियों के हाथ में लोहे की रॉड थी।
जिसके बाद चारों आरोपियों ने रितेश के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। गाली-गलौच का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। लोहे की रॉड लगने से रितेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
किसी प्रकार पीड़ित थाने पहुंचा तो पुलिस ने सबसे पहले उसे मेडिकल के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।





