
East Delhi Murder: पूर्वी दिल्ली में युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में खौफ
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के संजय झील इलाके में गुरुवार को लोको चौधरी नामक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। मृतक का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज लिया। लोको चौधरी शशि गार्डन इलाके का रहने वाला था और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले मृतक को एक परिचित ने फोन करके बाहर बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि उसी शख्स ने किसी रंजिश या साजिश के तहत चाकू से हमला किया, जिससे लोको की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके। यह भी जांच की जा रही है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, लेन-देन का विवाद या कोई अन्य कारण था या नहीं। एडिशनल सीपी अभिषेक धानिया ने कहा कि संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच लगातार जारी है।





