दो माह में तालाब ओवरफ्लो होने की समस्या खत्म होगी

अमर सैनी

नोएडा। प्राधिकरण क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा में तालाब ओवरफ्लो होने से गांव की गलियों में पानी जमा होने और घरों में घुसने की समस्या से लोगों को जल्द निजात मिलेगी। स्थाई समाधान के लिए 1100 मीटर लंबी ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है। इसके दो माह में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, गांव में कुछ जगहों पर नाली, सीसी रोड और खड़ंजा का भी निर्माण किया जा रहा है। विकास कार्यों पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र के गांवों में स्थित तालाबों के साल के 12 महीने ओवरफ्लो होने की समस्या आम बात हो गई है। बारिश के मौसम में यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था न होने और तालाबों के ओवरफ्लो की वजह से गांव की गलियों में पानी जमा होने के साथ घरों में भी घुस जाता है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए प्राधिकरण ने ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उस पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव के अंदर स्थित तालाब से लेकर गांव के बाहर स्थित नाले तक 1100 मीटर लंबी ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है। इसकी गहराई व चौड़ाई लगभग दो मीटर है। प्राधिकरण के प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया ड्रेन का निर्माण दो माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जमीन का विवाद होने की वजह से काम प्रभावित हो रहा था। किसानों के बातचीत के बाद निर्माण में तेजी लाई गई है। ड्रेन को गांव के बाहर स्थित बड़े नाले से कनेक्ट किया जाएगा। इससे गांव में जल निकासी सुनिश्चित हो जाएगी। बता दें सूरजपुर, दादूपुर, तिलपता सहित अन्य गांवों में स्थित तालाब के ओवरफ्लो होने की समस्या को दूर करने के लिए ड्रेन का निर्माण किया जाना है। प्रथम चरण में उन गांवों में ड्रेन का निर्माण किया जाएगा, जहां पर तालाब गांव के अंदर स्थित हैं। ऐसे गांवों को चिन्हित किया जा रहा है।

सबमर्सिबल पंप के दिन रात चलने से समस्या पैदा हो रही

क्षेत्र के गांवों में लोगों ने हर घर में सबमर्सिबल लगाए हुए हैं। इससे जहां भूजल को दोहन हो रहा, वहीं बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी भी हो रही है। इसकी वजह से गांव के अंदर स्थित तालाबों में पूरे साल पानी भरा रहता है। यही नहीं तालाबों में गंदगी भी बहाई जा रही है।

तालाबों के ओवरफ्लो होने की समस्या को स्थाई रूप से दूर करने के लिए ड्रेन के निर्माण की योजना बनाई गई है। घोड़ी बछेड़ा गांव में ड्रेन का निर्माण चल रहा है। तालाब के अतिरिक्त पानी को ड्रेन के माध्यम से नाले तक पहुंचाया जाएगा। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था हो, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही तालााबों के सौंदर्यीकरण का भी काम चल रहा है।

-आशुतोष कुमार द्विवेदी, एसीईओ ग्रेनो प्राधिकरण

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img