दिल्ली

Delhi Firing Viral Video: दिल्ली में रील वीडियो बनाते वक्त युवक के हाथों चली गोली, मौके पर मौत

Delhi Firing Viral Video: दिल्ली में रील वीडियो बनाते वक्त युवक के हाथों चली गोली, मौके पर मौत

रिपोर्ट: रवि डालमिया

पूर्वी दिल्ली के थाना न्यू अशोक नगर इलाके के दल्लूपुरा गांव से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक का खुद को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कमरे में दो लोग मौजूद हैं। एक युवक वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है, जबकि दूसरा युवक, जिसकी पहचान पवन कुमार (28) के रूप में हुई है, पिस्टल में मैगजीन लोड करता हुआ दिखाई देता है। इसी दौरान वीडियो बना रहा व्यक्ति कहता सुनाई देता है, “ऊपर दो बटन है…” और कुछ ही सेकंड बाद पवन पिस्टल को अपनी छाती से सटाकर खुद को गोली मार लेता है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 16 मार्च 2026 की है। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस को वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल से एक मेडिको-लीगल केस (MLC) की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि दल्लूपुरा निवासी पवन कुमार को अचेत अवस्था में लाया गया था। पवन के सीने के बाईं ओर गोली लगी थी और डॉक्टरों ने उसे जांच के बाद ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना के वक्त पवन का चचेरा भाई हिमांशु भी वहां मौजूद था। पुलिस ने हिमांशु का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मिली है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पवन खुद ही पिस्टल संभाल रहा था और उसी दौरान गोली चली। हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि यह हादसा था या आत्महत्या।

पुलिस ने हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अस्पताल और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और शव से फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

एमएलसी रिपोर्ट और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर थाना न्यू अशोक नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR No. 146/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि पवन ने यह कदम क्यों उठाया और उसका चचेरा भाई उसे रोकने के बजाय वीडियो क्यों बना रहा था।

जांच में यह भी सामने आया है कि पिस्टल लाइसेंसी थी और वह उसी व्यक्ति की थी जो वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि पवन के हाथ में हथियार कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में यह घटना घटी।

इस मामले पर स्थानीय विधायक आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में यह बेहद दर्दनाक घटना है। उन्होंने बताया कि एक ओर युवक की फायरिंग में मौत हुई, वहीं दूसरी ओर गैस से जुड़ी दुर्घटना में ढाई साल के बच्चे की जान चली गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना भी दी।

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें वीडियो रिकॉर्डिंग का मकसद, किसी तरह का उकसावा, मानसिक तनाव या अन्य कारण शामिल हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button