राज्यबिहारराज्य

Bihar : बीज व्यवसायी के घर भीषण डकैती, 45 लाख नकद और 70 लाख के जेवर लूटे, परिवार को घंटों बंधक बनाकर किया तांडव

Nalanda (मृत्युंजय) : जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय स्थित वार्ड संख्या-21 में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक दर्जन हथियारबंद डकैतों ने बीज व्यवसायी राजीव रंजन के घर धावा बोल दिया। डकैतों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 45 लाख रुपये नकद, 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और डायमंड के जेवर लूट लिए।

पीड़ित परिवार के अनुसार रात में सभी लोग घर में सो रहे थे। तभी करीब 12 की संख्या में हथियारबंद डकैत छत के रास्ते घर में घुस आए। डकैतों ने सबसे पहले घर के बुजुर्ग को छत पर ले जाकर कब्जे में किया, जबकि अन्य सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया। शोर मचाने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान घर की महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की गई।

इसके बाद डकैतों ने अलमारी और गोदरेज की चाबी लेकर घर में रखे करीब 45 लाख रुपये नकद, 70 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और डायमंड के जेवर समेत लाखों की संपत्ति समेट ली। लूटपाट के बाद सभी डकैत आसानी से मौके से फरार हो गए।

हैरानी की बात है कि जिस इलाके में यह वारदात हुई वह काफी व्यस्त इलाका है और दीपनगर थाना यहां से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने पूरी बेखौफी से घटना को अंजाम दिया, जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और दीपनगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है और इलाके के लोगों में भय और आक्रोश है। बताया जा रहा है कि इसके पहले भी इस परिवार के घर दो बार चोरी हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button