उत्तर प्रदेश, नोएडा: बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव व जाम ने रुलाया

अजीत कुमार
उत्तर प्रदेश, नोएडा।औद्योगिक नगरी में मानसून सीजन में शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुक कर हुई तेज और हल्की बारिश ने जहां एक ओर मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों के लिए कई तरह की मुश्किलें भी खड़ी कर दीं। बारिश के कारण शहर की सेक्टर, सोसाइटी व अंडरपास के अलावा तिलपता, सफीपुर, मकौड़ा, बोड़ाकी, पल्ला, गुलिस्तानपुर आदि में जलभराव की समस्या रही। लंबे-लंबे जाम भी लगे।

सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुई बारिश शाम 5 बजे तक अलग-अलग इलाकों में रुक-रुक कर होती रही। इस दौरान तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के चलते मौसम में ठंडक घुली। जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। हालांकि बीच-बीच में सूरज की झलक भी दिखती रही, जिससे उमस फिर से महसूस हुई। बारिश की वजह से शहर के कई प्रमुख अंडरपास और मुख्य सड़क के किनारे जलभराव हो गया। खासतौर पर सेक्टर अल्फा, डेल्टा, सफीपुर अंडरपास और ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में पानी भरने से राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जलभराव हो गया। बीटा-1 सेक्टर में सीवर, नालियों में बारिश का पानी ओवर फ्लो होकर सड़क आ गया। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में पानी भर गया। कई जगहों सेक्टर, सोसाइटी और मुख्य सड़कों पर घुटने तक पानी भरा। बारिश के पानी में चलने से लोगों के कपडे, जूते भी खराब हो गए। ग्रामीणों इलाकों की भी हालत खस्ताहाल रही। कच्चे रास्ते पर कीचड़ जमा होने के कारण लोगों को फिसलन भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। कच्चे रास्ते पर बाइक, साइकिल चालक गिरते गिरते बचे।

प्राधिकरण की व्यवस्थाओं की खुली पोल
बारिश के बाद होने वाले जलभराव ने फिर प्राधिकरण की तैयारियों की पोल खोल दी। जलभराव से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को टैग कर शिकायतें भी दर्ज कराईं। आरडब्ल्यूए डेल्टा 2 के महासचिव आलोक नागर ने बताया कि हल्की सी बारिश से बूंदाबांदी से पूरे सेक्टर में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। सेक्टर वासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रदूषण में आई कमी से मिली राहत
बारिश के चलते हवा में मौजूद धूल के कण नीचे बैठ गए। नतीजतन शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे दमा और सांस के रोगियों को राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में भी शहर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में भी हल्की गिरावट हो सकती है।

बारिश के दौरान रेंगता रहा ट्रैफिक
ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल बसों को भी जाम से गुजरना पड़ा। वहीं जलभराव के कारण कई दोपहिया वाहन चालकों को सड़कों पर फिसलन का भी सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान परी चौक, अल्फा चौक, एलजी गोल चक्कर, सूरजपुर गोल चक्कर, किसान चौक, बिसरख चौक, एक मूर्ति, डीएससी रोड सहित कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। डीएससी रोड पर जलभराव के कारण कुलेसरा और हल्दौनी के पास ट्रैफिक जाम रहा।

विद्युत व्यवस्था चरमराई
तेज बारिश और हवा के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। सेक्टर डेल्टा, गामा और बीटा में दोपहर बाद घंटों तक बिजली नहीं रही। जिससे घरों और दुकानों के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। कई इलाकों में लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे।

लोगों ने लिया मौसम का आनंद
बारिश के बाद भी शहर की समस्याओं का पुराना सिलसिला जारी है, मगर साथ ही मौसम के इस बदलाव ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ देर के लिए राहत जरूर दी। बारिश के बाद शाम को कई लोग परिवार और बच्चों के साथ पार्कों और बाजारों में घूमने निकल पड़े। इस कारण शॉपिंग माल ओमेक्स, ग्रैंड वेनिस मॉल, के अलावा सिटी पार्क के बाजार में भीड़ नजर आई। बच्चों ने सड़कों और सोसाइटियों में बारिश का खूब आनंद लिया।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img