Noida Crime: फर्जी पत्रकार बनकर बेरोज़गारों को ठगने वाला गिरफ्तार, यूट्यूब पर चला रहा था झूठे नौकरी के विज्ञापन

Noida Crime: फर्जी पत्रकार बनकर बेरोज़गारों को ठगने वाला गिरफ्तार, यूट्यूब पर चला रहा था झूठे नौकरी के विज्ञापन

रिपोर्ट: अमर सैनी

नोएडा पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पत्रकार बताकर बेरोज़गार युवाओं को नौकरी का झांसा दे रहा था और यूट्यूब समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर झूठे विज्ञापन चलाकर उनसे पैसे ऐंठ रहा था। आरोपी पिछले छह महीने से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा था और अब तक 100 से ज्यादा युवाओं को अपना शिकार बना चुका है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने इस फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शातिर की पहचान वसीम अहमद उर्फ रविन्द्र शर्मा के रूप में हुई है, जो अक्सर अपने नाम और पहचान बदलता रहता था। वह कभी खुद को कपिल भाटी, कभी रोहित चंदेला और कभी पीयूष भाटी के नाम से पेश करता था। आरोपी ने नोएडा सेक्टर-81 में एक फर्जी ऑफिस खोल रखा था, जहां वह नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का दावा करता था। नौकरी के नाम पर वह पंजीकरण शुल्क, फाइल चार्ज और अन्य बहानों से युवाओं से हजारों रुपये वसूलता था।

पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया, तो उसके पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। इनमें करीब 240 विजिटिंग कार्ड, 85 इंटरव्यू फॉर्म, 20 फर्जी ट्रेनिंग लेटर, 2 जॉइनिंग लेटर, नकदी, मोबाइल फोन, प्रचार सामग्री और एक माइक आईडी शामिल है, जिससे वह खुद को पत्रकार साबित करता था। पूछताछ में पता चला है कि जब कोई युवक नौकरी की वास्तविकता जानने के बाद पैसे वापस मांगने आता था, तो आरोपी उसे धमका कर भगा देता था।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी वसीम अहमद पहले भी वर्ष 2024 में इसी तरह के ठगी के मामले में जेल जा चुका है। उसकी ठगी की शैली सुनियोजित और संगठित है। वह युवाओं को फोन कॉल और यूट्यूब विज्ञापनों के जरिए जाल में फंसाता था, फिर उन्हें इंटरव्यू का बहाना बनाकर बुलाता और पंजीकरण के नाम पर पैसे लेता।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और उसके नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। जांच में दो महिलाओं की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी गतिविधियों की भी छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सतर्कता बेहद जरूरी है और बेरोज़गार युवाओं को फर्जी वादों से सावधान रहना चाहिए।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img