ग्रेटर नोएडा में तीन नए फायर स्टेशन बनाने की तैयारी

अमर सैनी

नोएडा। शहर में तीन नए फायर स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है, ताकि बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की स्थिति में समय रहते राहत पहुंचाई जा सके। प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नॉलेज पार्क-5, कासना और गौर सिटी के पास जमीन चिह्नित की है। अग्निशमन विभाग को जमीन देने के साथ ही प्राधिकरण ऊंची सोसायटियों के लिए उच्च क्षमता वाले वाहन और रोबोट फायर फाइटिंग सिस्टम खरीदेगा। इस मुद्दे पर जल्द ही प्राधिकरण और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक होगी। इसमें भविष्य में वाहनों और संसाधनों की जरूरतों पर चर्चा की जाएगी।

दरअसल, जून माह में कुवैत के मंगाफ शहर में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 49 लोगों की मौत की घटना ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को शहर में फायर सिस्टम को दुरुस्त करने के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है। इस दुखद घटना में मरने वालों में 42 भारतीय भी शामिल थे। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 250 से अधिक बहुमंजिला सोसायटियां हैं। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने अग्निशमन विभाग को नए फायर स्टेशन बनाने के लिए निशुल्क जमीन उपलब्ध कराने के साथ ही वाहन व अन्य उपकरण उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की है। प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि फायर स्टेशन के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी के पास 5 एकड़, नॉलेज पार्क-5 में 2 एकड़ और कासना में 3 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। विभाग को जल्द ही जमीन पर कब्जा दे दिया जाएगा, ताकि भवन का निर्माण शुरू किया जा सके। इस संबंध में जल्द ही विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। विभाग के अधिकारियों से पूछा गया है कि अभी कितने वाहनों की जरूरत है, इसकी जानकारी दें। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि प्राधिकरण से 4 हाई राइज अग्निशमन वाहन और 1 रोबोट फायर फाइटिंग की मांग की गई है। हाई राइज अग्निशमन वाहन 300 मीटर की ऊंचाई पर आग बुझाने की क्षमता रखेंगे। विभाग के पास अभी जो वाहन हैं, उनकी क्षमता 17 मीटर की ऊंचाई तक आग बुझाने की है।

अभी है यह सुविाधा
ग्रेटर नोएडा शहरी क्षेत्र में सूरजपुर, नॉलेज पार्क 1, इकोटेक-1 और 3 में फायर स्टेशन हैं। इनमें से सिर्फ सूरजपुर फायर स्टेशन के पास ही स्थायी भवन है। अधिकारियों के मुताबिक इकोटेक-1 और 3 के फायर स्टेशन एक दुकान में चल रहे हैं। पूरे जिले में विभाग के पास 22 गाड़ियां हैं। इनकी क्षमता 17 मीटर की ऊंचाई तक आग बुझाने की है। जबकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बहुमंजिला सोसायटियों की संख्या काफी अच्छी है। फिलहाल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से 4 हाई राइज फायर फाइटिंग वाहन और 1 रोबोट फायर फाइटिंग सिस्टम की मांग की जाएगी। विभाग के पास 22 वाहनों की कमी है।

अग्निशमन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में तीन नए फायर स्टेशन स्थापित करने के लिए फायर विभाग को जमीन दी जाएगी और आधुनिक उपकरण मुहैया कराए जाएंगे। ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में समय रहते उससे निपटा जा सके। बहुमंजिला सोसायटियों की संख्या बढ़ती जा रही है। कभी भी कोई घटना घट सकती है। ऐसे में अग्निशमन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।मल्टीस्टोरी सोसायटियों में आग बुझाने में सक्षम मशीनें खरीदकर विभाग को दी जाएंगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img