भारत

Delhi Green Campaign 2026: दिल्ली में वृक्षारोपण अभियान को बड़ी सफलता, एक दिन में लगाए गए लगभग एक लाख पौधे

Delhi Green Campaign 2026: दिल्ली में वृक्षारोपण अभियान को बड़ी सफलता, एक दिन में लगाए गए लगभग एक लाख पौधे

रिपोर्ट: रवि डालमिया

नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण और हरित दिल्ली के लक्ष्य को साकार करने के लिए शनिवार को राजधानी में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग एक लाख पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य सचेतक एवं विधायक अभय वर्मा, विधायक डॉ. अनिल गोयल, रवि नेगी, वन विभाग के डिप्टी कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स, क्षेत्रीय निगम पार्षद, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” आह्वान से प्रेरित है। दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 7 जुलाई से इस विशेष अभियान की शुरुआत की थी। तब से राजधानी के विभिन्न इलाकों में लगातार पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है।

दिल्ली सरकार ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया है। लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने आरडब्ल्यूए, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि इच्छुक संस्थाएं और नागरिक Delhi Green Campaign 2026 पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर अभियान से जुड़ सकते हैं। इसके अलावा Delhi Van Mahotsav और Dilli Free Tree पोर्टल के माध्यम से भी निःशुल्क पौधों की उपलब्धता और वृक्षारोपण संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पौधों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और उपयुक्त रोपण स्थलों की पहचान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण को भी सुनिश्चित करना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जनभागीदारी आधारित ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। दिल्ली सरकार का यह अभियान राजधानी को अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button