Cyber Fraud: निवेश और डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर दो लोगों से 35.91 लाख रुपये की साइबर ठगी
नोएडा। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश और नामी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के दो लोगों से कुल 35.91 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-12 निवासी मानस रंजन नायक ने पुलिस को बताया कि उन्हें व्हाट्सऐप पर शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का संदेश मिला। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया गया और अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर 19.91 लाख रुपये जमा करवा लिए गए।
आरोपियों ने दावा किया कि इस रकम से उनके नाम पर करोड़ों रुपये के शेयर खरीदे गए हैं। जब पीड़ित ने अपने निवेश की राशि वापस निकालने की कोशिश की तो उससे अलग-अलग शुल्क जमा कराने की मांग की जाने लगी। लगातार पैसे मांगने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 निवासी अमित कुमार को एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एक नामी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी का अधिकारी बताकर डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का झांसा दिया। आरोपी ने कारोबार में बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाकर उनसे विभिन्न बैंक खातों में 16 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
रकम जमा कराने के बाद जब पीड़ित ने डिस्ट्रीब्यूटरशिप की मांग की तो आरोपी बहाने बनाने लगा और बाद में संपर्क भी कम कर दिया। पीड़ित ने बैंक ट्रांजेक्शन, व्हाट्सऐप चैट, ई-मेल और फोन नंबर सहित सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।



