राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में ढाबे के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या, कार सवार बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Hapur : जनपद हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली लखनऊ हाईवे-9 पर सोमवार शाम सरेआम कार सवार बदमाशों ने होटल के सामने बिजनौर के एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर के देवीपुरा बस्ता निवासी महबूब का 30 वर्षीय पुत्र मोहसिन सोमवार को बस से गाजियाबाद जा रहा था। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली के सामने नए खुले एक ढाबे पर बस भोजन के लिए रुकी। जैसे ही अन्य सवारियों के साथ मोहसिन बस से उतरा, तभी एक कार में सवार होकर आए करीब 3 लोगों ने उस पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हमले से होटल में मौजूद ग्राहकों और बस की सवारियों में चीख पुकार मच गई। मोहसिन पर करीब दस मिनट तक लाठी डंडे बरसाने के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। इस दौरान मोहसिन गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मोहसिन को गढ़मुक्तेश्वर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। लेकिन मेरठ पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

मोहसिन के पास से मिले मोबाइल के आधार पर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई तो वहां कोहराम मच गया। गढ़मुक्तेश्वर सर्किल के सीओ राहुल यादव ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की कार की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीम बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button