Uttar Pradesh : हापुड़ में प्रेमिका पर फायरिंग करने वाला सिरफिरा आशिक गिरफ्तार, पिस्टल और थार कार बरामद

Hapur : जनपद हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के जसरुपनगर बिजली घर के पीछे प्रेमिका पर तीन राउंड फायरिंग करने वाले सिरफिरे आशिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और थार कार बरामद की गई है। आरोपी प्रेमिका से लगातार शादी करने की जिद कर रहा था। प्रेमिका के मना करने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और अपने दोस्त के साथ रविवार को थार कार से फरार हो गया था।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी हुसैन को दस्तोई रोड दादरी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। रविवार दोपहर आरोपी अपने दोस्त के साथ थार कार में सवार होकर जसरुपनगर बिजली घर के पीछे अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था। वहां उसने प्रेमिका से शादी करने की जिद की। प्रेमिका आरोपी को पिछले छह-सात वर्षों से जानती है। प्रेमिका के मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में प्रेमिका बाल-बाल बच गई। इसके बाद प्रेमिका के परिजनों के घर से बाहर आने पर आरोपी गाली गलौज करते हुए प्रेमिका को जान से मारने की धमकी देकर दोस्त के साथ थार कार से फरार हो गया।

घटना के बाद प्रेमिका परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रेमिका की तहरीर पर आरोपी हुसैन और एक अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी।

सीओ ने बताया कि मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img