Greater Noida Traffic: डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर पर छह लेन रेलवे ओवरब्रिज शुरू, लाखों वाहन चालकों को राहत
Greater Noida Traffic: डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर पर छह लेन रेलवे ओवरब्रिज शुरू, लाखों वाहन चालकों को राहत
ग्रेटर नोएडा में डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर (DFC) पर तिलपता और मकौड़ा गांव के बीच बनाया गया छह लेन का रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। लंबे समय से इंतजार कर रहे वाहन चालकों को इससे बड़ी राहत मिली है। आरओबी शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच सफर आसान होगा और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) परियोजना के तहत किया गया है। ग्रेटर नोएडा के न्यू दादरी स्टेशन से बिछाई गई डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन 130 मीटर चौड़ी सड़क को पार कर रही है। इसी वजह से तिलपता और मकौड़ा गांव के बीच आरओबी का निर्माण कराया गया था।
आरओबी शुरू होने से पहले इसका सफल परीक्षण करीब 15 दिन पहले किया गया था। परीक्षण के बाद मंगलवार को इसे आम वाहनों के लिए खोल दिया गया। परियोजना प्रबंधक मदन गौतम ने बताया कि जांच और परीक्षण सफल रहने के बाद आरओबी पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
इस आरओबी की लंबाई एक तरफ 1600 मीटर और दूसरी तरफ 1800 मीटर है। इसके साथ ही यहां अंडरपास का भी निर्माण किया गया है। अंडरपास की छत से रेलवे ट्रैक गुजर रहा है और उसके ऊपर आरओबी बनाया गया है।
बारिश के मौसम में अंडरपास में जलभराव की समस्या सामने आती रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती थी। अब आरओबी शुरू होने के बाद लोगों के पास वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो गया है और बारिश के दौरान भी आवाजाही पहले के मुकाबले आसान होगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना को देखते हुए आरओबी को जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया था। ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क पर पहले ही वाहनों की संख्या काफी बढ़ चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार इस सड़क से प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू किया जा चुका है, जिससे सार्वजनिक परिवहन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) के कॉरिडोर पर तिलपता के पास बने इस आरओबी के शुरू होने से औद्योगिक और आम यातायात दोनों को फायदा मिलेगा। इससे माल परिवहन भी अधिक सुगम होगा और समय की बचत होगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या को दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। आरओबी का संचालन शुरू होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




