Noida: सपनों के आशियाने में डर का साया: प्लास्टर गिरने से सहमे निवासी, अब हेलमेट पहनकर निकल रहे बच्चे और बुजुर्ग

Noida: सपनों के आशियाने में डर का साया: प्लास्टर गिरने से सहमे निवासी, अब हेलमेट पहनकर निकल रहे बच्चे और बुजुर्ग
नोएडा। लाखों और करोड़ों रुपये खर्च कर अपने सपनों का घर खरीदने वाले लोग आज उन्हीं घरों में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। नोएडा की कई हाईराइज सोसाइटियों में जर्जर निर्माण और टावरों से लगातार गिर रहे प्लास्टर ने निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब लोग अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए सोसाइटी परिसर में हेलमेट पहनकर निकलने को मजबूर हो गए हैं। आए दिन प्लास्टर गिरने की घटनाओं में लोग घायल हो रहे हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
ताजा मामला सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी का है, जहां शनिवार को निवासियों और बच्चों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। सुरक्षा के मद्देनजर कई लोग हेलमेट पहनकर ही सोसाइटी परिसर में बाहर निकले। उनका कहना है कि टावरों से कभी भी प्लास्टर या निर्माण सामग्री का हिस्सा गिर सकता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसे में हेलमेट ही उनकी सुरक्षा का एकमात्र सहारा बन गया है।
सोसाइटी के निवासियों ने अपनी समस्या और बदहाल स्थिति की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। अब उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री स्तर पर संज्ञान लिए जाने के बाद संबंधित बिल्डरों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और निवासियों को सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।
सोसाइटी निवासी रंजन और ब्रजेश ने बताया कि इमारतों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ऊपरी मंजिलों से अचानक प्लास्टर के बड़े-बड़े टुकड़े नीचे गिरते हैं, जिससे नीचे से गुजरने वाले लोगों की जान पर हर समय खतरा बना रहता है। कई बार गिरते मलबे से पार्किंग में खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंच चुका है और कई गाड़ियों की छतें तक क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
यह पहली बार नहीं है जब नोएडा की किसी सोसाइटी में इस तरह की समस्या सामने आई हो। इससे पहले सेक्टर-119 स्थित आम्रपाली प्लेटिनम सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे में बच्ची के सिर में गहरी चोट आई थी और उसे 10 से अधिक टांके लगाने पड़े थे। हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी। इसी तरह सेक्टर-70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी में भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।
इन घटनाओं के बाद कई सोसाइटियों के निवासी अब स्वयं आगे आकर इमारतों के रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी उठा रहे हैं। पैन ओएसिस जैसी सोसाइटियों में लोगों ने अपने स्तर पर धन एकत्र कर रेनोवेशन कार्य शुरू कराया है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। निवासियों का कहना है कि सुरक्षित आवास उनका अधिकार है और इसके लिए बिल्डरों तथा संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने हाईराइज सोसाइटियों की निर्माण गुणवत्ता, रखरखाव व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की मांग है कि सभी पुरानी और जर्जर इमारतों का तकनीकी ऑडिट कराया जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां तत्काल मरम्मत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।





