Noida Police : दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा के लिए नोएडा पुलिस का बड़ा कदम, ‘ऑपरेशन अपराजेय’ अभियान शुरू

Noida Police : दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा के लिए नोएडा पुलिस का बड़ा कदम, ‘ऑपरेशन अपराजेय’ अभियान शुरू
नोएडा। दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण तथा उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोएडा पुलिस ने एक विशेष अभियान “ऑपरेशन अपराजेय” की शुरुआत की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में इस महत्वाकांक्षी कार्ययोजना को लागू किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनकी जरूरतों की नियमित निगरानी करना और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। पुलिस द्वारा कमिश्नरेट क्षेत्र में 1645 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान की गई है। इन बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और समग्र कल्याण सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था तैयार की गई है। प्रत्येक थाना क्षेत्र के मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों का गोपनीय रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अभियान के सफल संचालन के लिए पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं महिला बीट अधिकारियों को इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला बीट अधिकारी प्रत्येक 15 दिन में दिव्यांग बच्चों, उनके अभिभावकों और केयर टेकर से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी लेंगी। यदि किसी बच्चे को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होगी तो उसे स्वास्थ्य केंद्रों और विशेषज्ञ अस्पतालों के माध्यम से आवश्यक उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। नोएडा पुलिस ने इस अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों को आपातकालीन सेवाओं के प्रति भी जागरूक करने की योजना बनाई है। इसके अंतर्गत डायल-112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी जाएगी, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत मदद प्राप्त की जा सके। इसके अलावा बच्चों की देखभाल करने वाले केयर टेकर का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और उनका नियमित चरित्र सत्यापन भी कराया जाएगा। दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों की सहायता, शिकायतों के समाधान और परामर्श सेवाओं के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष हेल्पलाइन नंबर 8595902539 भी जारी किया है। इस नंबर के माध्यम से परिवार सीधे पुलिस से संपर्क कर अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगे। अभियान को प्रभावी और संवेदनशील बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस सप्ताह मैक्स हॉस्पिटल नोएडा और एमिटी यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों को व्यावहारिक और सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे वे दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकें और उनकी जरूरतों को समझ सकें। नोएडा पुलिस “ऑपरेशन अपराजेय” के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और समग्र विकास को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी कार्य करेगी। इसके तहत एक प्रभावी “नेबरहुड सिक्योरिटी प्लान” तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके। इसके साथ ही अभियान के दौरान साइबर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन बैंकिंग और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के कारण साइबर अपराधों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, इम्पर्सोनेशन और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों और साइबर हमलों से बचने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी, ताकि साइबर सुरक्षा को आम लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जा सके।





