उत्तर प्रदेशराज्य

Noida police encounter: नोएडा में पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार, 63 लाख रुपये का माल बरामद

Noida police encounter: नोएडा में पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार, 63 लाख रुपये का माल बरामद

 

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 63 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, अवैध हथियार और चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह के अनुसार सूरजपुर पुलिस मोजर बियर गोलचक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संभल निवासी वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज के पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उनके साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार गिरोह का एक सदस्य रैपिड बाइक चालक के रूप में काम करता था और ऐसे मकानों की पहचान करता था जहां लंबे समय से कोई नहीं रह रहा हो। इसके बाद गिरोह योजनाबद्ध तरीके से चोरी करता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 51 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्कुट और आभूषण, 1.25 लाख रुपये के चांदी के जेवरात तथा 11.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चार अवैध तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

 

Related Articles

Back to top button