Greater Noida Accident: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Greater Noida Accident News: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
Greater Noida वेस्ट में गौड़ सिटी मॉल के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की बहन की शिकायत पर पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बदायूं निवासी एकता शर्मा ने बताया कि उनके बड़े भाई कुलदीप कुमार शर्मा 4 मई की रात करीब 10 बजे गौड़ सिटी मॉल के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बिसरख स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।





