राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : गंगा स्नान बना हादसा, बुलंदशहर में युवक डूबा, साथियों की बची जान

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नरसेना थाना क्षेत्र के गजरौला गांव के पास दोस्तों के साथ स्नान करने आया एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उतरे उसके साथी भी गंगा की धारा में फंस गए।

मिली जानकारी के अनुसार ललित, रवि, सोमवीर, दिनेश और सुरेंद्र गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान करते समय अचानक रवि गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथियों ने प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वे खुद भी मुश्किल में फंस गए और कुछ देर के लिए स्थिति बेहद भयावह हो गई।

युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए रवि के साथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रवि का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है और वह गंगा की तेज धारा में लापता हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और सभी की नजरें गंगा की लहरों पर टिकी हैं, जहां लापता युवक की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button