Uttar Pradesh : गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर उमड़ी भीड़, 12 जिलों में लाइव प्रसारण से लोगों में उत्साह

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला गंगा एक्सप्रेसवे अब धरातल पर आ गया है। बुधवार को प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हरदोई में इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह का मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा और संभल सहित 12 जिलों में वर्चुअल लाइव प्रसारण किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।

जैसे ही उद्घाटन हुआ, विभिन्न स्थानों पर मौजूद लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए और जय श्री राम के उद्घोष से माहौल गूंज उठा।
मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला यह गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा है और 12 जिलों के लगभग 800 गांवों से होकर गुजरता है। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल से जोड़ने का काम करेगी और इसे राज्य सरकार की प्रमुख परियोजनाओं में माना जा रहा है।
बुलंदशहर जिले के स्याना तहसील क्षेत्र के लाड़पुर गांव में उद्घाटन समारोह का विशेष आयोजन किया गया, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हजारों लोगों ने लाइव प्रसारण देखा। इस मौके पर राज्य मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे बनने से मेरठ से प्रयागराज तक का सफर अब 11 घंटे के बजाय लगभग 6 घंटे में पूरा हो सकेगा। साथ ही भविष्य में इसे हरिद्वार और काशी से जोड़ने की योजना भी है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।


