राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में केशव पान कॉर्नर में सेंध, नकदी समेत लाखों लाख का सामान चोरी, CCTV में कैद

Hapur : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके रेलवे रोड पर बीती देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। प्रसिद्ध केशव पान कॉर्नर को चोरों ने निशाना बनाया और दुकान में सेंध लगाकर करीब 80 हजार रुपये नकद सहित लगभग दो लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में गहरा रोष फैल गया और सभी ने एकजुट होकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, राधापुरी कॉलोनी के निवासी नरेंद्र गोयल की रेलवे रोड पर केशव पान कॉर्नर नाम से प्रतिष्ठित दुकान है। पीड़ित दुकानदार नरेंद्र गोयल ने बताया कि वह रोज की तरह रात को अपनी दुकान ठीक से बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वे हमेशा की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के ताले टूटे हुए थे और शटर थोड़ा उठा हुआ था।

जब वे दुकान के भीतर दाखिल हुए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने जब गल्ले की जांच की तो उसमें रखी लगभग 80 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके अलावा चोरों ने दुकान में रखा सिगरेट का स्टॉक, महंगे पान मसाले और अन्य कीमती सामान भी चुरा लिया। पीड़ित के अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है। इस प्रकार चोरों ने कुल 2 लाख 80 हजार रुपये की चपत लगाई है। चोरी की सूचना मिलने पर काफी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारी नेता संजय अग्रवाल, संजय डाबर, सभासद शशांक समेत अनेक व्यापारियों ने वारदात पर रोष व्यक्त करते हुए जल्द पर्दाफाश कराने की पुलिस से मांग की है।

वारदात की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने जब दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें देर रात करीब तीन बजे तीन संदिग्ध चोर दुकान के अंदर घुसकर इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और चोरों के हुलिए के आधार पर उनकी शिनाख्त करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे रोड पर पान की दुकान में हुई चोरी के मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है। पीड़ित व्यापारी से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों के सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही इस पूरी घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button