Noida Model Agency Case: सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप, पुलिस जांच शुरू

Noida Model Agency Case: सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप, पुलिस जांच शुरू
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-16 स्थित फिल्म सिटी में मॉडलिंग एजेंसी चलाने वाली संचालिका ने एक युवती पर सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब सात वर्षों से मॉडलिंग एजेंसी का संचालन कर रही हैं। वर्ष 2021 में उनकी एक युवक के साथ पार्टनरशिप हुई थी, जो लगभग छह महीने तक चली। इसी दौरान उनकी मुलाकात अमरोहा की एक युवती से हुई। आरोप है कि इसके बाद से ही उक्त युवती ने इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो पोस्ट कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास शुरू कर दिया।
मामला पहले कोर्ट तक पहुंचा, जहां आरोपी युवती ने माफी मांगी थी। कोर्ट ने उसे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी। हालांकि पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2024 से फिर से उसे बदनाम करने की कोशिशें शुरू हो गईं।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी युवती सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां कर रही है, जिससे पीड़िता को मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





