Greater Noida Workers Hostel: श्रमिकों के लिए हॉस्टल योजना शुरू, सस्ते आवास पर जोर

Greater Noida Workers Hostel: श्रमिकों के लिए हॉस्टल योजना शुरू, सस्ते आवास पर जोर
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए हॉस्टल बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3, 6, 12 और इकोटेक-1 एक्सटेंशन में इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली है।
योजना के तहत प्रत्येक हॉस्टल में करीब 100 श्रमिकों के रहने की व्यवस्था होगी। इन हॉस्टलों को तीन मंजिला बनाया जाएगा और यहां रहने वाले श्रमिकों के लिए खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के बाद किफायती आवास और बेहतर सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए इस योजना को तेज किया गया है। प्रथम चरण में औद्योगिक सेक्टरों में खाली पड़ी जमीन पर हॉस्टल बनाए जाएंगे। जल्द ही निर्माण लागत का आकलन कर निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्राधिकरण का कहना है कि हॉस्टलों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी किसी एजेंसी या उद्यमी संगठनों को सौंपी जा सकती है। साथ ही समय-समय पर इसकी निगरानी भी की जाएगी, ताकि श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
तेजी से बढ़ते किराए ने भी इस योजना को जरूरी बना दिया है। शहर में जहां किराया 15-16 हजार रुपये तक पहुंच गया है, वहीं आसपास के गांवों में भी 5-6 हजार रुपये तक देना पड़ रहा है। ऐसे में श्रमिकों के लिए सस्ते आवास की मांग लगातार बढ़ रही है।
ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ श्रमिकों के लिए सस्ते आवास, चिकित्सा सुविधा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इसके अलावा, सेक्टर इकोटेक-3 में श्रमिक सुविधा केंद्र भी बनाया गया है, जहां रोजगार की तलाश में आने वाले श्रमिक और उद्यमी आपस में संपर्क कर सकेंगे। इस मॉडल को अन्य औद्योगिक सेक्टरों में भी लागू करने की योजना है।





